रुपया शुरुआती कारोबार में एक पैसे चढ़कर 95.73 प्रति डॉलर पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-08-2026
Rupee rises 1 paisa to 95.73 per dollar in early trade
Rupee rises 1 paisa to 95.73 per dollar in early trade

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में केवल एक पैसे चढ़कर 95.73 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक बाजारों में चिंता के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के हस्तक्षेप से घरेलू मुद्रा को थोड़ा समर्थन मिला।
 
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से घरेलू मुद्रा पर दबाव पड़ा, जबकि डॉलर सूचकांक में गिरावट और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के निवेश से इसे समर्थन मिला।
 
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.72 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में 95.73 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से एक पैसे की बढ़त है।
 
रुपया मंगलवार को 13 पैसे टूटकर 95.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
 
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत फिसलकर 99.56 पर रहा।
 
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 166.19 अंक फिसलकर 77,070.93 अंक पर और निफ्टी 59 अंक टूटकर 24,096.75 अंक पर रहा।
 
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 0.71 प्रतिशत की बढ़त के साथ 91.67 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 1,651.53 करोड़ रुपये के शेयर की शुद्ध खरीदारी की।