रुपया शुरुआती कारोबार में 45 पैसे टूटकर 94.67 प्रति डॉलर पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-05-2026
Rupee falls 45 paise to 94.67 per dollar in early trade
Rupee falls 45 paise to 94.67 per dollar in early trade

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 45 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.67 पर पहुंच गया।
 
अमेरिका और ईरान की सेनाओं के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के पास गोलीबारी की खबरों के बीच ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतें बढ़कर 101.00 डॉलर प्रति बैरल होने से घरेलू मुद्रा दबाव में है।
 
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ईरान के अमेरिका पर युद्धविराम उल्लंघन का आरोप लगाने और अमेरिका के जवाबी हमले करने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। ये हमले होर्मुज जलडमरूमध्य और नागरिक क्षेत्रों में हुए जबकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि युद्धविराम अब भी लागू है।
 
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.58 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में टूटकर 94.67 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 45 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
 
रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती नुकसान की भरपाई करते हुए 27 पैसे की बढ़त के साथ 94.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
 
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.20 पर रहा।
 
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 353.50 अंक टूटकर 77,491.02 अंक पर जबकि निफ्टी 109.25 अंक फिसलकर 24,225.20 अंक पर रहा।
 
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.08 प्रतिशत बढ़त के साथ 101.14 डॉलर प्रति बैरल रहा।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 340.89 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।