आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 14 पैसे टूटकर 92.42 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी पू्ंजी की निरंतर निकासी से घरेलू मुद्रा दबाव में है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में सुस्ती एवं अमेरिकी मुद्रा में तेजी ने भी स्थानीय मुद्रा पर दबाव डाला। हालांकि, निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले की प्रतीक्षा में सतर्कता बरत रहे हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.35 प्रति डॉलर पर खुला। फिर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.42 पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 14 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपया सोमवार को 92.28 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.65 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 91.62 अंक या 0.12 प्रतिशत टूटकर 75,411.23 अंक पर जबकि निफ्टी 34.25 अंक या 0.15 प्रतिशत फिसलकर 23,374.55 अंक पर पहुंच गया।