कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच रुपया शुरुआती कारोबार में 12 पैसे टूटा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-07-2026
Rupee falls 12 paise in early trade amid rise in crude oil prices
Rupee falls 12 paise in early trade amid rise in crude oil prices

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 12 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.42 पर आ गया। पश्चिम एशिया संकट गहराने के मद्देनजर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से घरेलू मुद्रा पर दबाव है।
 
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों से विदेशी पूंजी की निकासी का भी भारतीय मुद्रा पर दबाव रहा।
 
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया कमजोर रुख के साथ 96.53 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में इसमें कुछ सुधार हुआ और यह 96.42 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 12 पैसे की गिरावट है।
 
रुपया शुक्रवार को 12 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.30 पर बंद हुआ था।
 
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 100.54 पर रहा।
 
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 593.78 अंक या 0.76 प्रतिशत टूटकर 77,557.67 अंक पर जबकि निफ्टी 169.20 अंक या 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,165.10 अंक पर रहा।
 
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 90.26 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 376.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।