MakeMyTrip partners with Ministry of Tourism to promote travel with trained guides
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
यात्रा बुकिंग मंच मेकमाईट्रिप ने यात्रियों को 60 से अधिक शहरों में 350 से अधिक ‘गाइडेड टूर’ यानी प्रशिक्षित गाइड के साथ यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन मंत्रालय के साथ साझेदारी की है।
मेकमाईट्रिप ने शुक्रवार को बयान में कहा कि इन यात्राओं की बुकिंग स्वतंत्रता दिवस से मंच के जरिये की जा सकेगी और आगे इनकी सूची का विस्तार किया जाएगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, ‘‘हमारे गाइड, स्थानीय विशेषज्ञ और समुदाय भारत की पर्यटन मूल्य श्रृंखला की रीढ़ हैं। यह साझेदारी उन्हें यात्रियों तक सीधे पहुंचने और भारत की कहानियां साझा करने का अवसर देती है। इस स्वतंत्रता दिवस पर मैं हर यात्री से अपील करता हूं कि वह केवल पर्यटक बनकर न लौटे, बल्कि ऐसा कहानीकार बनकर लौटे जो भारत की विरासत का एक हिस्सा दुनिया तक पहुंचाए।’’
मेकमाईट्रिप के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (समूह) राजेश एम. ने कहा, ‘‘पर्यटन मंत्रालय के साथ साझेदारी के जरिये यात्रियों को इन गाइडेड टूर के लिए प्रोत्साहित करने से हमारे गाइड तथा स्थानीय विशेषज्ञों को केंद्र में लाया जा रहा है। इससे यात्रियों को शुरू से अंत तक एक बेहतर अनुभव मिलेगा...।’’