Jio IPO draws interest from major global investors, with initial demand at around Rs 2.5 lakh crore
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को लेकर औपचारिक रूप से निर्गम खुलने से पहले ही निवेशकों ने रुचि दिखायी है। घरेलू संस्थागत निवेशकों के अलावा जीआईसी, नॉर्जेस बैंक इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी की ओर से शुरुआती मांग करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये की है। यह करीब 30,200 करोड़ रुपये के निर्गम आकार से आठ गुना से भी अधिक है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की अनुषंगी जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) बोली के लिए 21 अक्टूबर को खुलेगा।
मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि 2.5 लाख करोड़ रुपये का यह आंकड़ा संस्थागत निवेशकों की शुरुआती दिलचस्पी को बताता है। इस मांग में सरकारी निवेश कोष, वैश्विक दीर्घकालिक निवेशक, बड़े घरेलू म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियां शामिल हैं।
इस निर्गम में दिलचस्पी दिखाने वाले प्रमुख वैश्विक निवेशकों में जीआईसी, नॉर्जेस बैंक इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी और कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी जैसे सरकारी कोष के अलावा ब्लैकरॉक, फिडेलिटी और कैपिटल ग्रुप के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), एसबीआई म्यूचुअल फंड और एचडीएफसी म्यूचुअल फंड जैसी कंपनियों ने निर्गम में दिलचस्पी दिखायी है।