एआई के दौर में हर भारतीय को सशक्त बनाना जियो का लक्ष्य: आकाश अंबानी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-10-2026
Jio aims to empower every Indian in the era of AI: Akash Ambani
Jio aims to empower every Indian in the era of AI: Akash Ambani

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने बुधवार को कर्मचारियों से कहा कि कंपनी का शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना ‘‘हमारी मंजिल नहीं’’ बल्कि ‘‘एक नई शुरुआत’’ है।
 
उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) के दौर में अगले दशक में कंपनी का लक्ष्य हर भारतीय को अपनी क्षमता का पूरा इस्तेमाल करने के लिए सशक्त बनाना होना चाहिए।
 
जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) के बुधवार को भारतीय शेयर बाजारों में कारोबार की शुरुआत करने की पृष्ठभूमि में आकाश अंबानी ने कर्मचारियों को यह संदेश भेजा।
 
रिलायंस इंडस्ट्रीज समर्थित डिजिटल सेवा कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर ने बुधवार को शानदार शुरुआत की। शेयर 1,119 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 21 प्रतिशत से अधिक चढ़ गए और कंपनी बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई।
 
कर्मचारियों को भेजे ईमेल में आकाश अंबानी ने कहा कि कंपनी को अब प्रौद्योगिकी बदलाव की अगली लहर का नेतृत्व करना चाहिए।