Committed to taking Jio to new heights, bringing new technologies to the common man: Akash Ambani
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और अंतरिक्ष संपर्क सहित नई प्रौद्योगिकियों को आम लोगों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जतायी है।
कंपनी के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की बुधवार को बाजार में अच्छी शुरुआत के बाद आकाश ने कहा कि भारतीयों के लिए डिजिटल संपर्क को किफायती बनाना जियो का मुख्य लक्ष्य है।
जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से पहले अंबानी ने कहा कि यह कंपनी के लिए अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि शुरुआत है। उन्होंने निवेशकों की संपत्ति बढ़ाने का भी वादा किया, जैसा कि उसकी मूल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने करीब 50 वर्षों में किया है।
आकाश अंबानी (35) ने एनएसई में सूचीबद्धता समारोह में कहा, ‘‘हम भारत और दुनिया में जियो को विकास, उत्कृष्टता और प्रतिष्ठा की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लेते हैं।’’
इस समारोह में उनके माता-पिता मुकेश तथा नीता अंबानी, भाई-बहन ईशा एवं अनंत और दादी कोकिलाबेन भी मौजूद थीं।
आकाश अंबानी ने कहा कि अंबानी परिवार की अगली पीढ़ी की जिम्मेदारी सिर्फ विरासत में मिली चीजों को संभालकर रखना नहीं, बल्कि जियो को भारत के लिए और बड़ा, बेहतर एवं अधिक सार्थक बनाना भी है।