Hyundai Motor India's second quarter net profit declined 24 percent to Rs 1,196.16 crore
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वाहन विनिर्माता हुंदै मोटर इंडिया का चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर करीब 24 प्रतिशत घटकर 1,196.16 करोड़ रुपये रह गया। लागत बढ़ने से कंपनी के लाभ में गिरावट आई है।
कंपनी ने बुधवार को तिमाही नतीजे जारी करते हुए कहा कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में उसने 1,572.25 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था।
हालांकि, आलोच्य तिमाही में कंपनी की परिचालन आय बढ़कर 20,696.05 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 17,460.82 करोड़ रुपये थी।
इस दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 19,302.18 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 15,566.06 करोड़ रुपये था। कंपनी ने खर्च में बढ़ोतरी के लिए कच्चे माल की ऊंची लागत को जिम्मेदार बताया।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में अबतक की सबसे अधिक 2,19,072 इकाइयों की बिक्री दर्ज की। यह सालाना आधार पर 15 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 23 प्रतिशत अधिक है।
हुंदै मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने कहा, ‘‘जुलाई-सितंबर तिमाही कंपनी के लिए महत्वपूर्ण रही। इस दौरान बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची और कंपनी की स्थापना के बाद पहली बार तिमाही परिचालन आय 20,000 करोड़ रुपये के पार गई। हालांकि, जिंसों की ऊंची कीमतों का असर कंपनी के मुनाफे पर पड़ा।’’