HDFC Bank's net profit rises 5.55 percent to Rs 20,700 crore in the second quarter
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को बताया कि सितंबर तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 5.55 प्रतिशत बढ़कर 20,700 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान अवधि में 19,611 करोड़ रुपये था।
शेयर बाजार को दी गई सूचना के अनुसार जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान एकल आधार पर बैंक का शुद्ध लाभ 4.7 प्रतिशत बढ़कर 19,510 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
बैंक की कुल आय पिछले साल के 91,040 करोड़ रुपये से बढ़कर 97,258 करोड़ रुपये हो गई, जबकि कुल खर्च 63,117 करोड़ रुपये से बढ़कर 67,774 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान प्रावधानों और आकस्मिकताओं के लिए अलग रखी गई राशि मामूली बढ़कर 3,573.62 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 3,500 करोड़ रुपये थी।
बैंक ने कहा कि ट्रेजरी प्रदर्शन को छोड़कर, कर पश्चात लाभ (पीएटी) में सालाना आधार पर 12.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
एचडीएफसी बैंक का सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) अनुपात सुधरकर 1.11 प्रतिशत पर आ गया, जो पिछली तिमाही में 1.17 प्रतिशत और एक साल पहले की समान अवधि में 1.24 प्रतिशत था।