आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 451.46 अंक या 0.60 प्रतिशत चढ़कर 75,850.18 अंक पर पहुंच गया जबकि एनएसई निफ्टी 143.25 अंक या 0.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,832.85 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक, पावरग्रिड, भारती एयरटेल, टाइटन, बजाज फाइनेंस और मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर में तेजी रही। दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इटर्नल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट और एशियन पेंट्स के शेयर गिरावट में रहे।
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण ईंधन खुदरा विक्रेताओं को हो रहे बढ़ते नुकसान के बीच शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। इससे तेल विपणन कंपनियों के शेयर में दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहा।
अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को करीब एक प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव एक प्रतिशत की तेजी के साथ 107.01 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 187.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।