आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने राष्ट्रीय निवेश एवं अवसंरचना कोष (एनआईआईएफ) और एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) से 3,050 करोड़ रुपये में इंटेलिस्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड का अधिग्रहण कर लिया है। इस सौदे से अदाणी समूह की कंपनी की स्मार्ट मीटरिंग क्षेत्र में मौजूदगी बढ़ेगी।
कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि इस 3,050 करोड़ रुपये के सौदे में इंटेलीस्मार्ट की 100 प्रतिशत शेयर पूंजी का अधिग्रहण और एनआईआईएफ के पास मौजूद इंटेलीस्मार्ट के वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय ऋणपत्र का भुगतान शामिल है।
इंटेलीस्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर बिजली के लिए उन्नत ‘मीटरिंग’ बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराती है और देश में कुछ स्मार्ट गैस मीटर भी लगाती है।
शेयर बाजार को दी गई सूचना में अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) ने कहा कि उसने एनआईआईएफ और ईईएसएल से इंटेलीस्मार्ट की 100 प्रतिशत शेयर पूंजी का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। इसके साथ ही, एनआईआईएफ के पास मौजूद इंटेलीस्मार्ट के वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय ऋणपत्र का भुगतान भी कर दिया गया है।
इससे पहले, 30 अक्टूबर को निष्पक्ष व्यापार नियामक भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के इंटेलीस्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के अधिग्रहण के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।