अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के वनस्पति विज्ञान विभाग की दो शोधार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। विभाग की शोधार्थी नाजिश अख्तर और सना को 8वें वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस ऑन लाइफ साइंसेज, एग्रीकल्चर, एनवायरनमेंट एंड क्लाइमेट सॉल्यूशंस (LAECS-2026) में प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
नाजिश अख्तर को यंग प्रोफेशनल अवॉर्ड, जबकि सना को इनोवेटिव यंग रिसर्चर अवॉर्ड प्रदान किया गया। दोनों शोधार्थियों को उनके शोध योगदान, नवाचार और वैज्ञानिक प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता के लिए यह सम्मान मिला।
यह सम्मेलन राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर के पोदार हॉल में आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का संयुक्त आयोजन राजस्थान विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग और एग्रीकल्चरल एंड एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट सोसाइटी (AETDS), यूएस नगर ने किया। इसमें अन्य शैक्षणिक और शोध संस्थानों का भी सहयोग रहा।
नाजिश अख्तर एएमयू के वनस्पति विज्ञान विभाग के पर्यावरण वनस्पति अनुभाग में प्रोफेसर एमबी सिद्दीकी के निर्देशन में शोध कर रही हैं। वहीं, सना इसी विभाग के पादप शरीर क्रिया विज्ञान अनुभाग में डॉ. मु. नईम के मार्गदर्शन में शोधरत हैं।
दोनों शोधार्थियों की उपलब्धि को एएमयू में शोध और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विश्वविद्यालय में युवा शोध प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान को मजबूत बनाने पर लगातार जोर दिया जाता रहा है।
वनस्पति विज्ञान विभाग ने दोनों शोधार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है और उनके उज्ज्वल शैक्षणिक एवं शोध भविष्य की कामना की है।