हैदराबाद
मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी (MANUU), हैदराबाद में आयोजित सप्ताहव्यापी आज़ाद डे समारोह के तहत आज़ाद लिटरेरी फेस्टिवल के बैनर तले एक विशेष पुस्तक विमोचन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से जुड़े शिक्षकों, शोधकर्ताओं और लेखकों की कुल 30 पुस्तकों का विमोचन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध और साहित्यिक उपलब्धियों को सामने लाने के साथ लेखन और शोध के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना था।
प्रोफेसर अतहर हुसैन के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन प्रकाशन एवं अनुवाद विभाग के डॉ. असलम परवेज ने किया। उन्होंने लेखकों और उनकी पुस्तकों का परिचय देते हुए उनके विषयों और शैक्षणिक महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विभिन्न विषयों पर लिखी गई कई महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन हुआ। इनमें भाविका कुंद्रा की Sharpnels of Lavender, शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शमशाद बेगम की Research Ethics in Education और समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. के.एम. जियाउद्दीन की Occupational Caste Groups' Illness and Health in India: Lessons from the Lives of Conservancy Workers शामिल हैं।
इसी क्रम में शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग की प्रोफेसर शाकिरा परवीन की पुस्तक Preparedness of Teacher Education Institutions in the Light of NEP 2020 का भी विमोचन किया गया। स्कूल ऑफ एजुकेशन एंड ट्रेनिंग के डीन प्रोफेसर मुहम्मद मुशाहिद और डॉ. आफाक नदीम खान की संयुक्त पुस्तक Hindustani Ilmi Nizam भी जारी की गई। नौ अध्यायों वाली इस पुस्तक में वैदिक काल से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तक भारतीय ज्ञान प्रणाली के ऐतिहासिक और वैचारिक विकास का विश्लेषण किया गया है। इसमें शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षक की भूमिका को रेखांकित करने के साथ चार भारतीय दार्शनिकों के विचारों का तत्वमीमांसा (Metaphysics), ज्ञानमीमांसा (Epistemology) और मूल्यशास्त्र (Axiology) के संदर्भ में अध्ययन किया गया है।
कार्यक्रम में डॉ. मुहम्मद शम्सुद्दीन (एआरडी, वाराणसी) की पुस्तक Ainiyat-e-Hasan का भी विमोचन हुआ। यह पुस्तक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ऐनुल हसन के 19 व्याख्यानों के आधार पर तैयार की गई है। कुलपति द्वारा संकलित एक अन्य पुस्तक Zaufishani Badr भी इस अवसर पर प्रस्तुत की गई, जिसका अनुवाद डॉ. मुहम्मद आले अहमद ने किया है।
प्रोफेसर सिद्दीकी मुहम्मद महमूद की पुस्तक हयाती महारतें (जीवन कौशल) भी समारोह में जारी की गई। इसमें व्यक्तित्व विकास में जीवन कौशल की भूमिका पर चर्चा की गई है। इसके अलावा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) विषय पर उनकी एक अन्य पुस्तक का भी विमोचन हुआ।
शिक्षा के क्षेत्र में एआई के उपयोग को लेकर प्रोफेसर सैयद अमान उबैद और सह-लेखक प्रोफेसर समी सिद्दीकी की संयुक्त पुस्तक AI for Educators भी जारी की गई। यह पुस्तक विशेष रूप से शिक्षक प्रशिक्षकों के लिए तैयार की गई है। इसमें शिक्षण और सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल और उसकी संभावनाओं पर चर्चा की गई है।
प्रोफेसर शेख वसीम की पुस्तक Learning that Matters: A Constructive Vision for Indian Classrooms भी इस अवसर पर जारी की गई। पुस्तक में भारतीय शैक्षणिक परिवेश में कक्षा शिक्षण और सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और उद्देश्यपूर्ण बनाने के लिए एक रचनात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया गया है।
समारोह के दौरान प्रत्यक्ष विमोचन के अलावा चार पुस्तकों का ऑनलाइन विमोचन भी किया गया। इनमें विश्वविद्यालय के पूर्व डीन, स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड सोशल साइंसेज तथा पूर्व रजिस्ट्रार प्रोफेसर एस.एम. रहमतुल्लाह की पुस्तक भी शामिल रही।
शिक्षा को व्यापक स्तर पर पहुंचाना जरूरी : कुलपति
समारोह की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ऐनुल हसन ने सभी लेखकों को उनकी शैक्षणिक और शोध संबंधी उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ज्ञान को केवल पुस्तकों या ड्राइंग रूम की चारदीवारी तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे विभिन्न स्थानों और भौगोलिक क्षेत्रों तक पहुंचाकर ज्ञान का प्रकाश फैलाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों और बुद्धिजीवियों को एडजंक्ट प्रोफेसर के रूप में जोड़ने का प्रयास किया गया है। यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है कि आज प्रतिष्ठित शिक्षाविद अपनी पुस्तकों और प्रकाशनों में मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी का नाम भी शामिल कर रहे हैं। इससे संस्थान की शैक्षणिक पहचान और प्रतिष्ठा में वृद्धि हो रही है।
कुलपति ने प्रकाशन एवं अनुवाद विभाग के कामकाज की विशेष सराहना करते हुए बताया कि विभाग ने एनसीईआरटी की 75 पुस्तकों का उर्दू में अनुवाद किया है। उन्होंने इसे एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे उर्दू माध्यम से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने लेखन और प्रकाशन को किसी भी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक पहचान तथा रैंकिंग के निर्धारण में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों और शोधकर्ताओं की पुस्तकें एवं शोध प्रकाशन संस्थान की अकादमिक प्रतिष्ठा और रैंकिंग को बेहतर बनाने में योगदान देंगे।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग (MCJ) के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ताहिर कुरैशी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि आज़ाद डे समारोह के दौरान इस तरह की शैक्षणिक और साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन विश्वविद्यालय की ज्ञान और प्रकाशन परंपरा को और मजबूत बनाता है।