एएमयू की शिक्षिका डॉ. नाजिश बेगम को नेपाल में ग्लोबल ऑथर अवॉर्ड

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 11-11-2026
AMU teacher Dr. Nazish Begum receives Global Author Award in Nepal
AMU teacher Dr. Nazish Begum receives Global Author Award in Nepal

 

अलीगढ़

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के वीमेंस कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नाजिश बेगम को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय समारोह में ‘वीमेन इन लिटरेचर’ (साहित्य में महिलाएं) श्रेणी के तहत ग्लोबल ऑथर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

होटल दुसित प्रिंसेस में आयोजित इस समारोह का आयोजन इनफिनिटी सर्विसेज की ओर से किया गया। यह सम्मान हिंदी साहित्य, महिला लेखन और अकादमिक शोध के क्षेत्र में डॉ. बेगम के योगदान के लिए दिया गया।

उन्हें यह पुरस्कार नेपाली फिल्म निर्माता प्रकाश शायली, नेपाल की पूर्व सांसद एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर चंदा कार्की और इनफिनिटी सर्विसेज की संस्थापक तथा कार्यक्रम संयोजक शीतल खड़का ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।

समारोह में नेपाल के इतिहासकार प्रोफेसर सुरेंद्र के.सी., निर्णायक मंडल की सदस्य श्वेताली ठाकरे और संध्या राजेश्वरी शाह के अलावा कई देशों के लेखक, साहित्यकार और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

डॉ. नाजिश बेगम के साहित्यिक और अकादमिक कार्यों में उनकी पुस्तक ‘फातिमा शेख और मुस्लिम महिला चेतना: शिक्षा से सामाजिक परिवर्तन तक’ विशेष महत्व रखती है। इस पुस्तक में महिला शिक्षा की अग्रदूत फातिमा शेख के शैक्षणिक और सामाजिक योगदान को रेखांकित किया गया है। इसके साथ ही अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक विरासत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण महिलाओं के योगदान को भी सामने लाया गया है।

इनमें वहीद जहां बेगम (आला बी), मुमताज जहां हैदर और डॉ. रशीद जहां के अलावा एएमयू की पहली महिला कुलपति प्रोफेसर नईमा खातून तथा जामिया मिल्लिया इस्लामिया की पहली महिला कुलपति पद्मश्री प्रोफेसर नजमा अख्तर शामिल हैं।

पुस्तक में देश की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली मुस्लिम महिलाओं की उपलब्धियों का भी दस्तावेजीकरण किया गया है। इनमें भारत की पहली मुस्लिम महिला मुख्यमंत्री सैयदा अनवरा तैमूर, पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई, नासा की वैज्ञानिक डॉ. हशीमा हसन, इसरो के चंद्रयान मिशन से जुड़ी खुशबू मिर्जा और शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार से सम्मानित वैज्ञानिक डॉ. बुशरा अतीक के योगदान को शामिल किया गया है।

डॉ. नाजिश बेगम को मिला यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान हिंदी साहित्य, महिला लेखन और मुस्लिम महिलाओं के शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान को सामने लाने के उनके प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान है।