US: Communications strategist launches voter data platform focused on Indian-American community
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
संचार रणनीतिकार अनंग मित्तल ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय पर केंद्रित एक विशिष्ट मतदाता डेटा मंच की शुरुआत की है।
प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉन्सन के लिए डिजिटल प्रमुख के रूप में कार्य कर चुके भारतीय मूल के मित्तल ने सोमवार को ‘इंडियन अमेरिकन वोटर एटलस’ शुरू किया। उन्होंने इसे “भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए और उसके बारे में विशेष रूप से तैयार किया गया पहला गैर-पक्षपाती, खुला नागरिक डेटा मंच” बताया।
मित्तल ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा, “इस देश में 54 लाख भारतीय-अमेरिकी हैं, जिनमें से 26 लाख मतदान के पात्र हैं।”
उन्होंने कहा कि भारतीय-अमेरिकी अमेरिका में सर्वाधिक आय वाला समूह है और देश के कई अत्यंत प्रतिस्पर्धी संसदीय क्षेत्रों में उनकी उल्लेखनीय उपस्थिति है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने अमेरिकी राजनीति में किसी भी जनसांख्यिकीय समूह की तुलना में सबसे नाटकीय दलगत परिवर्तन किया।
मित्तल के अनुसार, यह मतदाता एटलस सार्वजनिक रूप से उपलब्ध अधिकतर डेटा को एक निःशुल्क डैशबोर्ड में समाहित करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मंच डेटा से परे कोई राजनीतिक निष्कर्ष या पूर्वानुमान प्रस्तुत नहीं करता और इसे निष्पक्ष तथा द्विदलीय स्वरूप में तैयार किया गया है।