आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में मंगलवार को अबू धाबी में त्रिपक्षीय वार्ता शुरू हुई। यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख ने यह जानकारी दी।
यूक्रेन की विदेशी खुफिया सेवा के प्रमुख रुस्तेम उमेरोव ने सोशल मीडिया पर कहा कि उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और यूरोपीय देशों के दूतों के साथ यूक्रेन की शुरुआती बातचीत के बाद ‘‘अब हम यूक्रेन, अमेरिका और रूस के बीच त्रिपक्षीय वार्ता के चरण में पहुंच गए हैं।’’
अमेरिका इस साल तीन दौर की बातचीत होने के बाद रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त कराने के लिए फिर से प्रयास कर रहा है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप का यह सबसे बड़ा संघर्ष 24 फरवरी 2022 को रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला किए जाने के बाद शुरू हुआ था।
अबू धाबी में दो दिन तक चलने वाली यह वार्ता फरवरी के बाद इस तरह की पहली बैठक है। इसमें मुख्य रूप से सुरक्षा संबंधी गारंटी पर चर्चा होगी।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि वह और अमेरिका के एक अन्य दूत स्टीव विटकॉफ ‘‘बातचीत के जरिए ऐसा समाधान निकालने के लिए काम कर रहे हैं, जिससे स्थायी शांति स्थापित हो सके और यूरोप में अधिक स्थिर सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक संप्रभु, सुरक्षित एवं समृद्ध यूक्रेन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकें।’’
उमेरोव ने कहा कि दिन की शुरुआत यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल, अमेरिकी दूतों तथा ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नाटो और यूरोपीय आयोग के प्रतिनिधियों के बीच बैठक से हुई।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इसके बाद हम यूक्रेन, अमेरिका और रूस की भागीदारी वाली त्रिपक्षीय वार्ता शुरू करेंगे।’’