अमेरिका के फिर ईरान पर हमले, खाड़ी में तनाव

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-07-2026
US attacks Iran again, tension in Gulf
US attacks Iran again, tension in Gulf

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अमेरिका ने बृहस्पतिवार तड़के ईरान पर फिर से हवाई हमले किए जिसके जवाब में ईरान ने बहरीन, कुवैत और कतर को निशाना बनाया।

इस हालिया घटनाक्रम से फारस की खाड़ी में युद्ध समाप्त कराने के उद्देश्य से किए गए अंतरिम समझौते पर फिर खतरा मंडराने लगा है।
 
ये हमले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के कुछ घंटों बाद हुए जिसमें उन्होंने कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों पर ईरान के हालिया हमलों से यह संकेत मिलता है कि नाजुक युद्धविराम समाप्त हो गया है।
 
इससे पहले, अमेरिका ने बुधवार तड़के ईरान द्वारा ओमान के तट के पास कई वाणिज्यिक पोतों को निशाना बनाए जाने के बाद कई सैन्य स्थलों और बंदरगाह केंद्रों पर हमले किए थे। इसके बाद ईरान ने भी बुधवार को जवाबी हमला किया था लेकिन खाड़ी देशों पर बृहस्पतिवार हुए हमले कहीं अधिक बड़े प्रतीत हुए।
 
बहरीन में कम से कम दो बार सायरन बजे। बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय है। खाड़ी के इन तीन अरब देशों में किसी नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है। कुवैत की सेना ने कहा कि वह ड्रोन और मिसाइलों को उनके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही रोकने के लिए सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है। ईरान के ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने बहरीन और कुवैत पर हमलों का दावा किया है।
 
अमेरिकी सेना की ‘सेंट्रल कमांड’ ने कहा कि उसने ईरान में करीब 90 स्थलों को निशाना बनाया। उसने श्वेत-श्याम फुटेज जारी किए, जिनमें हवाई अड्डे के रनवे और मिसाइल लॉन्चरों को निशाना बनाकर किए गए हमलों को दिखाया गया।
 
‘सेंट्रल कमांड’ ने कहा, ‘‘अमेरिकी बल सतर्क, घातक और कमांडर इन चीफ के निर्देश पर अभियान चलाने के लिए तैयार हैं।’’
 
अमेरिका ने कहा कि इन हमलों का मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य में ‘‘नौवहन की स्वतंत्रता को खतरे में डालने’’ की ईरान की क्षमता को ‘‘और कमजोर करना’’ है। दुनिया में खरीदे एवं बेचे जाने वाले तेल और प्राकृतिक गैस का करीब पांचवां हिस्सा युद्ध शुरू होने से पहले इसी जलडमरूमध्य से होकर गुजरता था। यह युद्ध 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले किए जाने के साथ शुरू हुआ था।
 
ईरान के सरकारी मीडिया ने बुशहर सहित कई स्थानों पर विस्फोटों की खबर दी। बुशहर में ईरान का परमाणु ऊर्जा संयंत्र परिसर है। इसके अलावा दक्षिणी बंदरगाह शहरों चाबहार, कोनारक, बंदर अब्बास और सिरिक में भी विस्फोटों की खबर दी गई। ईरानशहर में प्राधिकारियों ने कहा कि एक हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक दमकलकर्मी की मौत हो गई।