UN chief expresses deep concern over escalation of violence between Afghanistan and Pakistan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच हिंसा बढ़ने पर चिंता व्यक्त की और दोनों देशों से शत्रुता को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने शुक्रवार को दैनिक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र प्रमुख अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच हिंसा बढ़ने और नागरिक आबादी पर इसके प्रभाव को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्होंने शत्रुता को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया और दोनों पक्षों से कूटनीति के माध्यम से मतभेद को सुलझाने की अपनी अपील दोहराई।’’
दुजारिक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के मानवीय अभियानों के अधिकारी अफगानिस्तान में हमलों के प्रभाव पर चिंता व्यक्त कर रहे हैं, जिसमें अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्से में तोरखम सीमा चौकी पर एक पारगमन क्षेत्र और एक अन्य केंद्र में हुई घटना भी शामिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम संघर्ष में शामिल सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत अपने दायित्वों का पालन करने का आह्वान करते हैं, विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने के लिए कि नागरिकों के साथ-साथ नागरिक बुनियादी ढांचे की भी हर समय रक्षा की जाए।’’
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता अधिकारियों ने बताया कि वर्षों के संघर्ष, गरीबी तथा सूखे एवं भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण लगभग आधी आबादी यानी लगभग 2.2 करोड़ पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को मानवीय सहायता की जरूरत है।