ट्रंप ने कैमरून हैमिल्टन को फेमा का नेतृत्व करने के लिए नामित किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-05-2026
Trump nominates Cameron Hamilton to lead FEMA
Trump nominates Cameron Hamilton to lead FEMA

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कैमरून हैमिल्टन को संघीय आपात प्रबंधन एजेंसी (फेमा) का नेतृत्व करने के लिए नामित किया।

पूर्व नौसेना सील हैमिल्टन की यह एक आश्चर्यजनक वापसी है। उन्हें पिछले साल फेमा के अस्तित्व का बचाव करने के बाद इसके कार्यवाहक प्रमुख के पद से बर्खास्त कर दिया गया था।
 
उन्हें नामित करने के साथ ही ट्रंप प्रशासन ने फेमा को भंग करने के अपने वादों से पीछे हटने के संकेत देना शुरू कर दिया है।
 
फेमा एक ऐसी एजेंसी है जिसकी राष्ट्रपति द्वारा कड़ी आलोचना की गई है। हैमिल्टन ने तर्क दिया था कि फेमा को समाप्त करना देश के हित में नहीं है और अब उन्हें नामित किया जाना इस बदलाव के नवीनतम संकेत हैं।
 
हैमिल्टन की नियुक्ति हो जाने के बाद वह ट्रंप और आपात प्रबंधन पर गृह सुरक्षा सचिव मार्कवेन मुलिन के मुख्य सलाहकार होंगे तथा ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में फेमा के पहले स्थायी प्रशासक होंगे।
 
ट्रंप ने सोमवार को ही डेविड कमिंस को परिवहन सुरक्षा प्रशासन (टीएसए) का प्रमुख नामित किया।
 
कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने के कारण टीएसए को पिछले कुछ महीनों से उथल-पुथल का सामना करना पड़ रहा है और देश भर के हवाई अड्डों पर सुरक्षा कतारें लंबी होती जा रही हैं।
 
कमिंस, एक सरकारी ठेका कंपनी - ‘सर्को’ में वरिष्ठ उपाध्यक्ष रह चुके हैं और अब वह टीएसए का कार्यभार संभालेंगे।