Renowned writers and thinkers to gather at India-US Literature Festival in New York
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
न्यूयॉर्क में ‘इंडो-अमेरिकन आर्ट्स काउंसिल’ (आईएएसी) के साहित्य महोत्सव 2026 में कई प्रतिष्ठित लेखक, विचारक और कारोबारी दिग्गज हिस्सा लेंगे और इस दौरान होने वाली चर्चाओं में वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में भारत का उभरना, अमेरिकी नेतृत्व, जलवायु परिवर्तन, जल संकट और पलायन जैसे विषय प्रमुख होंगे।
इस महोत्सव में पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. प्रतिभा राय, बार्कलेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सीएस वेंकटकृष्णन और अर्थशास्त्री अरविंद सुब्रमण्यन सहित कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी।
यह महोत्सव 14 और 15 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें कई संवाद और परिचर्चाएं होंगी, जिनमें इस बात पर विचार किया जाएगा कि साहित्य किस तरह पहचान, आर्थिक शक्ति, पलायन और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों को समझने में मदद करता है।
‘इंडो-अमेरिकन आर्ट्स काउंसिल’ के उपाध्यक्ष राकेश कौल ने बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा, ''साहित्य कभी भी सीमाओं के दायरे में बंधा नहीं रहा है। हमारे समय के बड़े सवाल- पहचान, आर्थिक शक्ति, जलवायु, पलायन और मानवीय परिस्थितियां- महाद्वीपों की सीमाओं से परे साझा हैं।''
उन्होंने कहा, ''हम चाहते हैं कि भारतीय और अमेरिकी आवाजें केवल एक मंच पर ही नहीं, बल्कि एक ही संवाद में एक-दूसरे से जुड़ें। यही वह जगह है, जहां साहित्य संस्कृतियों और विचारों के बीच सेतु बनता है।''