इथियोपिया के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित होना देश के लिए गौरव: कीर्ति वर्धन सिंह

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 19-12-2025
Receiving Ethiopia's highest honor is a matter of pride for the country, Kirti Vardhan Singh
Receiving Ethiopia's highest honor is a matter of pride for the country, Kirti Vardhan Singh

 

नई दिल्ली

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से नवाज़े जाने को देश के लिए बड़े गर्व का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत की मजबूत होती वैश्विक छवि और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विदेश नीति की सफलता को दर्शाता है।

एएनआई से बातचीत में कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के विदेश संबंधों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा, “यह हमारे देश और हमारी पार्टी दोनों के लिए सम्मान की बात है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया के सभी देशों के साथ अपने संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। यह सम्मान उसी दिशा में एक और बड़ा कदम है।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत की विदेश नीति ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के सिद्धांत पर आधारित है, जिसका अर्थ है—संपूर्ण विश्व एक परिवार है। सिंह के अनुसार, आज के बहुध्रुवीय विश्व में सभी देशों के साथ संतुलित और मजबूत रिश्ते बनाना अत्यंत आवश्यक है। “हम उन देशों के साथ भी संबंध मजबूत कर रहे हैं जिन्हें अतीत में अपेक्षित महत्व नहीं मिला। यह भारत की वैश्विक भूमिका को सुदृढ़ करने में मदद करेगा,” उन्होंने कहा।

गौरतलब है कि इथियोपिया ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले वैश्विक राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख हैं। यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को मिला 28वां अंतरराष्ट्रीय राजकीय पुरस्कार है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्राचीन और समृद्ध सभ्यता वाले देश इथियोपिया से सम्मान प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “मैं यह सम्मान सभी भारतीयों की ओर से विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। यह उन असंख्य भारतीयों को समर्पित है, जिन्होंने भारत-इथियोपिया साझेदारी को मजबूत किया है।”यह सम्मान भारत और अफ्रीकी देशों के बीच गहराते रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।