आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मंगलवार को देशवासियों को आश्वस्त करने की कोशिश करते हुए कहा कि देशभर में विभिन्न सेवाओं के ठप होने और तकनीकी खराबियों की हालिया घटनाओं के आपस में जुड़े होने या इनके पीछे किसी दुर्भावनापूर्ण तत्व का हाथ होने का फिलहाल कोई सबूत नहीं है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मनीला से चीन के शेन्जेन में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ महत्वपूर्ण बैठकों के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे रुबियो ने अमेरिकियों को आश्वस्त करने का प्रयास किया।
रुबियो ने कहा, ‘‘हमारे पास ऐसा कोई सबूत नहीं है और न ही ऐसा मानने का कोई कारण है कि इन अलग-अलग घटनाओं का किसी शरारती तत्व, साइबर हैकर, अपराधी, किसी अन्य देश या किसी भी तरह के दुर्भावनापूर्ण तत्व से कोई संबंध है।’’
अमेरिका में लगातार सेवाएं बाधित होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चौतरफा आलोचना का सामना करना पड़ा। उनके समर्थकों और विरोधियों, दोनों ने कहा कि ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) को इन व्यवधानों के संबंध में बयान देना चाहिए।
ट्रंप के कट्टर समर्थकों ने भी प्रशासन पर अमेरिकियों से झूठ बोलने या व्यवधानों के असली कारणों को छिपाने का आरोप लगाया। पिछले कुछ दिनों में माइक्रोसॉफ्ट, चेज बैंक, हवाई यातायात नियंत्रण सेवाएं और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) की सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
हर बार सेवा ठप होने के लिए आंतरिक तकनीकी समस्याओं को जिम्मेदार ठहराया गया है। मंगलवार को एशिया पहुंचने के बाद ट्रंप ने इसे लेकर बेपरवाही भरे अंदाज में कहा, ‘‘ऐसी चीजें होती रहती हैं।’’ हालांकि, उनके इस जवाब से देश में चिंता कम नहीं हुई।
ट्रंप की पूर्व प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने ‘फॉक्स न्यूज’ से कहा, ‘‘व्हाइट हाउस से मैं यही कहूंगी कि पारदर्शिता बेहद जरूरी है।’’ उन्होंने कहा कि ट्रंप के एशिया से लौटने के बाद राष्ट्रपति या ‘व्हाइट हाउस’ के किसी अन्य अधिकारी को इस बारे में जानकारी साझा करना चाहिए ताकि ‘‘लोगों की चिंता वास्तव में कम हो सके।’’