आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रूस में शुक्रवार को ओजर्नोव्स्की से 76 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में 6.9 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने यह जानकारी दी।
यूएसजीएस ने बताया कि भूकंप का केंद्र 143.2 किलोमीटर की गहराई में था। शुरुआत में इसका केंद्र 52.01 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 157.25 डिग्री पूर्वी देशांतर पर समझा गया।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने रूसी विज्ञान अकादमी की भूभौतिकीय सेवा की कामचटका शाखा के हवाले से बताया कि कामचटका में चार तीव्रता तक का भूकंप दर्ज किया गया।
वैज्ञानिकों ने कहा, ‘‘पेट्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की में मापी गई तीव्रता चार तक रही।’’
रिपोर्ट के अनुसार, वैज्ञानिकों ने पहले भूकंप की तीव्रता 6.5 आंकी थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर 6.9 कर दिया। क्षेत्र में इसके झटके पांच तीव्रता के भूकंप जैसे महसूस किए गए।
भूकंप विज्ञानियों ने कहा, ‘‘सत्यापित जानकारी के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता 6.9 थी। इसका केंद्र पेट्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की से 156 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में 138 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। पेट्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की में इसके झटके पांच तीव्रता के भूकंप जैसे महसूस किए गए।’’