तेहरान
ईरान की सत्ता में बड़ा बदलाव सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता Ali Khamenei के बेटे Mojtaba Khamenei को देश का नया सर्वोच्च नेता चुना गया है।यह जानकारी ईरान इंटरनेशनल ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट में दी। रिपोर्ट के अनुसार ईरान की शक्तिशाली धार्मिक संस्था Assembly of Experts ने मोजतबा खामेनेई को नया रहबर चुन लिया है।
मीडिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इस फैसले में Islamic Revolutionary Guard Corps यानी रिवोल्यूशनरी गार्ड की भूमिका अहम रही। बताया गया है कि गार्ड के दबाव में विशेषज्ञ सभा के मौलवियों ने मोजतबा के नाम को मंजूरी दी।
मोजतबा खामेनेई लंबे समय से ईरान की सत्ता संरचना में प्रभावशाली माने जाते रहे हैं। हालांकि वह सार्वजनिक जीवन में कम दिखाई देते हैं, लेकिन कई विश्लेषकों का मानना है कि अपने पिता के शासनकाल में वह पर्दे के पीछे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे।
मशहद में दफनाए जाएंगे अली खामेनेई
इस बीच ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को देश के पवित्र शहर मशहद में दफनाया जाएगा। यह जानकारी ईरानी समाचार एजेंसी फार्स ने दी है।मशहद शिया मुसलमानों के लिए अत्यंत पवित्र शहर माना जाता है क्योंकि यहां Imam Reza Shrine स्थित है।रिपोर्ट के अनुसार खामेनेई ने अपनी मृत्यु से पहले इच्छा जताई थी कि उन्हें इसी पवित्र तीर्थ परिसर में दफनाया जाए।
हमले में हुई थी मौत
86 वर्षीय अली खामेनेई शनिवार सुबह हुए हमले में मारे गए थे। यह हमला अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान के दौरान हुआ था।खामेनेई लगभग 36 वर्षों तक ईरान के सर्वोच्च धार्मिक और राजनीतिक नेता रहे। 1989 में उन्हें यह पद मिला था और उसके बाद से वह देश की राजनीति, सेना और विदेश नीति पर अंतिम निर्णय लेने वाली सबसे शक्तिशाली शख्सियत रहे।
खामेनेई का जन्म भी मशहद शहर में हुआ था। उनके पिता को भी इसी शहर में इमाम रजा के पवित्र परिसर में दफनाया गया था। अब उसी शहर में खामेनेई को सुपुर्द ए खाक किया जाएगा।
ईरान में नए सर्वोच्च नेता के रूप में मोजतबा खामेनेई का चयन ऐसे समय हुआ है जब देश गंभीर सैन्य और राजनीतिक संकट से गुजर रहा है और पूरे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।





