Iran threatens ports in the Persian and Oman Gulfs after US blockade announcement
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिकी सेना द्वारा सोमवार से ईरान के सभी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों की नाकाबंदी शुरू किए जाने की घोषणा के बाद तेल की कीमतें और बढ़ने तथा युद्ध के और भीषण होने की आशंका है।
अमेरिका की इस घोषणा के बाद ईरान ने फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में स्थित बंदरगाहों को निशाना बनाने की धमकी दी है जिससे क्षेत्र में टकराव गहराने का खतरा बढ़ गया है।
‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग’ (आईआरआईबी) के अनुसार, ‘‘फारस की खाड़ी और ओमान सागर में सुरक्षा या तो सभी के लिए होगी या किसी के लिए भी नहीं।’’
ईरानी सेना ने कहा, ‘‘इस क्षेत्र का कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा।’’
इससे पहले, अमेरिका ने घोषणा की थी कि वह सोमवार को पूर्वी समयानुसार सुबह 10 बजे या ईरान में शाम साढ़े पांच बजे से ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी शुरू करेगा।
‘यूएस सेंट्रल कमांड’ (सेंटकॉम) ने कहा कि यह नाकेबंदी ‘‘सभी देशों के उन पोतों के खिलाफ निष्पक्ष रूप से लागू की जाएगी’’ जो ईरान के बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों में प्रवेश कर रहे हैं या वहां से बाहर जा रहे हैं।
उसने कहा कि गैर-ईरानी बंदरगाहों के बीच यात्रा करने वाले जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी जाएगी।
ये घोषणाएं पाकिस्तान में अमेरिका और ईरान के बीच शनिवार को हुई लंबी युद्धविराम वार्ता के बिना किसी समझौते के समाप्त होने के बाद की गईं।