यमन में फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाला गया, भारत लौट रहे सभी नागरिक

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 09-11-2026
19 Indian sailors stranded in Yemen have been rescued; all of them are returning to India.
19 Indian sailors stranded in Yemen have been rescued; all of them are returning to India.

 

नई दिल्ली

यमन में पिछले दो सप्ताह से फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। यमन स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को इसकी जानकारी दी। ये नाविक यमन के होदेइदाह और सना शहरों में फंसे हुए थे।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यमन में फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकालने में सफलता मिली है। सभी नाविक सुरक्षित हैं और उनकी सेहत भी ठीक है। वे भारत लौट रहे हैं।

दूतावास ने इस अभियान में सहयोग देने वाले सभी संबंधित पक्षों का आभार जताते हुए कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी में उनके सहयोग और निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद दिया जाता है।

पश्चिम एशिया संघर्ष में 23 भारतीयों की मौत

इस बीच, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान अब तक 23 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस महीने की शुरुआत में बताया था कि मृतकों में 15 भारतीय नाविक शामिल हैं। इसके अलावा, काला सागर क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों में पांच भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं।

रियाद की ओर दागी गईं दो मिसाइलें नष्ट

दूसरी ओर, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने रविवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी राजधानी रियाद की तरफ दागी गईं दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया।

गठबंधन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हूती संगठन की ओर से रियाद को निशाना बनाकर दागी गईं दो बैलिस्टिक मिसाइलों को वायु रक्षा प्रणालियों ने सफलतापूर्वक रोक लिया।

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटनाक्रम से पहले सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने पूर्वी शहर दम्माम और पूर्वी प्रांत के अबकैक तथा अल-अहसा प्रशासनिक क्षेत्रों में संभावित खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया था।

प्रशासन ने स्थानीय निवासियों को निकटतम सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और अधिकारियों की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी थी।

ये घटनाक्रम ऐसे समय सामने आए हैं, जब हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया है कि उनके संगठन ने सऊदी अरब के विभिन्न रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाकर छह मिसाइल और ड्रोन अभियान चलाए हैं। इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। (एएनआई)