अमेरिकी मध्यावधि चुनाव: डेमोक्रेटिक पार्टी की ‘ब्लू वेव’ में महिला मतदाताओं की अहम भूमिका

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-11-2026
US midterm elections: Women voters play a key role in the Democratic Party's 'Blue Wave'
US midterm elections: Women voters play a key role in the Democratic Party's 'Blue Wave'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अमेरिका के 2026 के चुनावों में महिलाओं ने अपनी ताकत का ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभाई। महंगाई और बढ़ती घरेलू लागत से लेकर प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों पर पाबंदियों तक, कई मुद्दों को लेकर महिलाओं में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के प्रति नाराजगी साफ नजर आई, जिसका असर मतदान के रुझान में भी दिखा।

महिलाओं ने बड़ी संख्या में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों का समर्थन किया और खुद भी रिकॉर्ड संख्या में चुनाव जीतकर अमेरिकी राजनीति में नया इतिहास रचा।
 
डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट की सात सीटें अपने पाले में कर निर्णायक बहुमत हासिल कर लिया। प्रतिनिधि सभा में भी यही रुझान देखने को मिला, जहां डेमोक्रेटिक पार्टी को 258 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि रिपब्लिकन पार्टी को 177 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है।
 
डेमोक्रेटिक पार्टी की इस ‘ब्लू वेव’ यानी जीत की लहर में महिला मतदाताओं की भूमिका बेहद अहम रही।
 
‘ब्लू वेव’ अमेरिकी राजनीति में इस्तेमाल होने वाला शब्द है। अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी का पारंपरिक राजनीतिक रंग नीला है। इसलिए जब किसी चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी को बड़े पैमाने पर समर्थन मिलता है और वह कई सीटों पर जीत हासिल करती है, तो इस रुझान को ‘ब्लू वेव’ यानी डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में जीत की लहर कहा जाता है।
 
अनुमान है कि चुनाव में करीब 6.4 करोड़ महिलाओं ने मतदान किया, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 5.6 करोड़ रही। इस तरह कुल मतदान करने वालों में महिलाओं की हिस्सेदारी 53 प्रतिशत रही।