जर्मनी के चांसलर बेंगलुरु की यात्रा करेंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-01-2026
German Chancellor to visit Bengaluru
German Chancellor to visit Bengaluru

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भारत की अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन मंगलवार को बेंगलुरु में होंगे।
 
आईटी शहर बेंगलुरु की अपनी यात्रा के दौरान मर्ज अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ अदुगोडी में जर्मन प्रौद्योगिकी कंपनी बॉश के भारतीय मुख्यालय का दौरा करने वाले हैं।
 
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इसके बाद वह प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान के नैनो विज्ञान और इंजीनियरिंग केंद्र (सीईएनएसई) जाएंगे और फिर वापसी के लिए बेंगलुरु से विमान में सवार होंगे।
 
जर्मनी के चांसलर के तौर पर मर्ज की यह एशिया की पहली यात्रा है।
 
सोमवार को अहमदाबाद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मर्ज की बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने 19 समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें रक्षा औद्योगिक सहयोग के लिए एक रोडमैप और उच्च शिक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने से संबंधित एक अन्य समझौता शामिल है। दूरसंचार क्षेत्र में सहयोग को लेकर एक अलग समझौता भी किया गया।
 
मोदी और मर्ज ने सोमवार सुबह अहमदाबाद स्थित साबरमती आश्रम का दौरा किया और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। बाद में उन्होंने गुजरात के प्रसिद्ध पतंग महोत्सव का उद्घाटन किया। जर्मन चांसलर ने गांधीनगर के पास स्थित प्रतिष्ठित बावड़ी अडालज नी वाव की भी यात्रा की।