जापान में भूकंप के कारण मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 18 हुई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-07-2026
Death toll in Japan earthquake rises to 18
Death toll in Japan earthquake rises to 18

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में आए शक्तिशाली भूकंप में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।

सैनिकों और आपातकालीन कर्मियों ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त एक शॉपिंग मॉल और ढहे मकानों के मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बुधवार को भी तलाश अभियान जारी रखा।
 
दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोतो के प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि प्रांत में मंगलवार को आए 7.1 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 62 लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह की हालत गंभीर है।
 
बचाव अभियान जारी होने के बीच मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग लापता हैं।
 
काशिमा शहर स्थित ‘एयॉन मॉल’ के अनुसार, मॉल परिसर में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं।
 
निकटवर्ती यत्सुशिरो में ‘निप्पॉन पेपर इंडस्ट्रीज’ के एक कारखाने की चिमनी ढहने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य को बचा लिया गया।
 
कुमामोतो प्रांतीय सरकार की आपदा प्रबंधन टीम ने बताया कि कारखाने में चार लोगों के अब भी फंसे होने की आशंका है।
 
कुमामोतो के अधिकारियों ने बताया कि करीब 34,900 मकानों में बिजली आपूर्ति अब भी ठप है जबकि लगभग 15,000 मकानों में नल से पानी की आपूर्ति बाधित है।
 
उन्होंने बताया कि 8,800 से अधिक लोग अपने घर छोड़कर 400 से अधिक आश्रय स्थलों में रह रहे हैं