चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग उत्तर कोरिया के लिए रवाना होंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-06-2026
Chinese President Xi Jinping to leave for North Korea
Chinese President Xi Jinping to leave for North Korea

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग सोमवार को उत्तर कोरिया के लिए रवाना होंगे। सात साल में उत्तर कोरिया की यह उनकी पहली यात्रा है।
 
चिनफिंग की इस यात्रा से उत्तर कोरिया के साथ चीन के आर्थिक और राजनीतिक संबंधों के और प्रगाढ़ होने की संभावना है।
 
शी चिनफिंग अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन से मुलाकात करेंगे। सितंबर में बीजिंग में आयोजित सैन्य परेड में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अन्य विदेशी नेताओं के साथ शामिल होने के बाद यह किम के साथ उनकी पहली शिखर बैठक होगी।
 
यात्रा को लेकर किसी विशिष्ट एजेंडा का उल्लेख नहीं किया गया है। विदेश विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह बैठक द्विपक्षीय संबंधों और उससे परे भी व्यापक प्रभाव डालेगी क्योंकि दोनों देश अमेरिका के साथ अलग-अलग टकरावों के मद्देनजर अपने पारंपरिक गठबंधन को पूरी तरह से बहाल करने का प्रयास कर रहे हैं।
 
सियोल स्थित इवा विश्वविद्यालय के प्रोफेसर लीफ-एरिक ईस्ले ने कहा, ‘‘कोई चीनी नेता सिर्फ इसलिए उत्तर कोरिया की यात्रा नहीं करता क्योंकि यात्रा निर्धारित थी बल्कि उसके पीछे आमतौर पर कोई महत्वपूर्ण राजनीतिक, कूटनीतिक या रणनीतिक उद्देश्य होता है। शी चिनफिंग की यात्रा का चीन-उत्तर कोरिया संबंधों पर वास्तविक प्रभाव पड़ेगा।’’