बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अल्पसंख्यकों को समान अधिकारों एवं सुरक्षा का दिया आश्वासन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-10-2026
Bangladesh PM Tariq Rahman assures minorities of equal rights and security
Bangladesh PM Tariq Rahman assures minorities of equal rights and security

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कहा है कि उनकी सरकार सभी नागरिकों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, चाहे उनकी धार्मिक पहचान कुछ भी हो।
 
सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ के मुताबिक रहमान ने सोमवार को यहां सचिवालय में अपने कार्यालय में हिंदू समुदाय के नेताओं के साथ मुलाकात के दौरान ये बातें कहीं।
 
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि इस देश के नागरिक के तौर पर लोग जिन अधिकारों और सुरक्षा के हकदार हैं, वे उन्हें मिले।’’
 
उन्होंने कहा कि शासनाध्यक्ष के तौर पर हर नागरिक के अधिकारों को सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है और वह इसे पूरा करने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार ‘हर संभव कोशिश’ करेंगे।
 
उन्होंने कहा, ‘‘इस देश के नागरिक और इंसान होने के नाते, आपके कुछ अधिकार हैं। सरकार के मुखिया के तौर पर, उन अधिकारों को दिलाने की कोशिश करना मेरा कर्तव्य है।’’
 
रहमान का यह बयान बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू समुदाय की सुरक्षा और उनके धर्मस्थलों एवं धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा की जरूरत को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बीच आया है।