ढाका
बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों के बीच Bangladesh Nationalist Party (BNP) ने सरकार बनाने का दावा किया है। पार्टी के मीडिया सेल ने शुक्रवार तड़के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि BNP बहुमत की सीटें जीतकर सरकार गठन की ओर बढ़ रही है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 299 में से 194 निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना पूरी हो चुकी है, जबकि 105 सीटों पर गिनती जारी है। डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, BNP और उसके सहयोगियों ने 149 सीटें हासिल कर ली हैं, जबकि Jamaat-e-Islami और उसके सहयोगी 39 सीटों पर आगे हैं। वहीं ‘ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार BNP 151 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जो सरकार बनाने के लिए जरूरी 151 के आंकड़े के बराबर है।
तारिक रहमान की ऐतिहासिक बढ़त
BNP अध्यक्ष Tarique Rahman को बोगुरा-6 (सदर) सीट से अनौपचारिक रूप से विजयी घोषित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार 151 में से 150 मतदान केंद्रों की गिनती पूरी हो चुकी है। हालांकि अंतिम आधिकारिक परिणाम अभी Bangladesh Election Commission द्वारा घोषित किए जाने बाकी हैं।
रहमान ने अपनी मां और पूर्व प्रधानमंत्री Khaleda Zia के निधन को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं से जीत का जश्न स्थगित रखने की अपील की है। पार्टी ने शुक्रवार की नमाज के बाद खालिदा जिया के लिए विशेष दुआ की भी अपील की है।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया
बांग्लादेश में अमेरिकी राजदूत ब्रेंट टी. क्रिस्टेंसन ने भी चुनाव प्रक्रिया को सफल बताते हुए BNP और तारिक रहमान को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका दोनों देशों की समृद्धि और सुरक्षा के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए नई सरकार के साथ काम करने को तैयार है।
‘बैटल ऑफ बेगम्स’ के बाद नई राजनीतिक दिशा
यह चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन और Awami League पर लगे प्रतिबंध के बाद हो रहा है। लंबे समय से चली आ रही ‘बैटल ऑफ बेगम्स’ की राजनीति के बाद यह चुनाव बांग्लादेश के लिए एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।हालांकि आधिकारिक परिणामों की घोषणा शेष है, लेकिन मौजूदा रुझान स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन लगभग तय है।




