रूस ने मैसेजिंग ऐप को पूरी तरह से बाधित करने की कोशिश की: व्हाट्सऐप

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-02-2026
Russia tried to completely disrupt the messaging app: WhatsApp
Russia tried to completely disrupt the messaging app: WhatsApp

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
रूस ने देश में व्हाट्सएप पर पूरी तरह से रोक लगाने का प्रयास किया है। सोशल मीडिया कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह इंटरनेट पर नियंत्रण कड़ा करने के सरकार का नया प्रयास है।

व्हाट्सएप के एक प्रवक्ता ने बुधवार देर रात बताया कि रूसी अधिकारियों की यह कार्रवाई ‘उपयोगकर्ताओं को सरकारी स्वामित्व के निगरानी वाले ऐप की ओर धकेलने’ के उद्देश्य से की गई है।
 
यह रूसी सरकारी समर्थित ‘मैक्स’ मैसेजिंग ऐप की ओर इशारा है, जिसे आलोचक एक निगरानी उपकरण मानते हैं।
 
व्हाट्सएप के प्रवक्ता ने बताया, “यह 10 करोड़ से अधिक लोगों को निजी और सुरक्षित संचार से अलग करने का प्रयास है और इससे रूस में लोगों की सुरक्षा में ही कमी आएगी। हम लोगों को आपस में जोड़े रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।”
 
रूस की सरकार ने 2022 में यूक्रेन पर हमले के बाद से ‘ट्विटर’, ‘फेसबुक’ और ‘इंस्टाग्राम’ जैसे प्रमुख सोशल मीडिया मंचों की सेवाओं को पहले ही बाधित कर दिया है तथा अन्य ऑनलाइन प्रतिबंधों को भी बढ़ा दिया है।
 
सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ के अनुसार, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि व्हाट्सएप की मालिक कंपनी मेटा प्लेटफॉर्म को इसे अनब्लॉक कराने के लिए रूसी कानून का पालन करना होगा।
 
रूसी संचार नियामक ‘रोस्कोम्नाडजोर’ ने ‘टेलीग्राम’ मैसेजिंग ऐप पर नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की क्योंकि उस पर कानून का पालन करने से इनकार करने का आरोप लगाया गया था।