35 वर्षों बाद इराक में उतरा पहला यूरोपीय विमान, बगदाद पहुंची ग्रीस की उड़ान

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 17-12-2025
After 35 years, the first European plane landed in Iraq; a Greek flight arrived in Baghdad.
After 35 years, the first European plane landed in Iraq; a Greek flight arrived in Baghdad.

 

न्यूयॉर्क।

तीन दशकों से अधिक समय के बाद इराक की राजधानी बगदाद में किसी यूरोपीय एयरलाइन की पहली उड़ान ने सफल लैंडिंग की है। ग्रीस की एजियन एयरलाइंस द्वारा संचालित यह विमान मंगलवार को बगदाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। इराकी परिवहन मंत्रालय ने इसे देश के नागरिक उड्डयन इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

परिवहन मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह बीते 35 वर्षों में इराक में उतरने वाला पहला यूरोपीय विमान है। मंत्रालय के अनुसार, एजियन एयरलाइंस की यह उड़ान “यूरोपीय विमानन मानचित्र पर इराक की वापसी” का प्रतीक है और इससे देश के विमानन क्षेत्र में एक नए दौर की शुरुआत हुई है।

दरअसल, 1990 के दशक की शुरुआत में तत्कालीन राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन द्वारा पड़ोसी कुवैत पर आक्रमण के बाद क्षेत्र में गंभीर सुरक्षा चिंताएं पैदा हो गई थीं। इसके चलते यूरोपीय एयरलाइनों ने बगदाद के लिए सीधी उड़ानें बंद कर दी थीं। बाद में 2003 में अमेरिका के नेतृत्व में हुए पश्चिमी सैन्य आक्रमण के दौरान सद्दाम हुसैन को सत्ता से हटाया गया, जिसके बाद इराक लंबे समय तक गृहयुद्ध, सांप्रदायिक हिंसा और सशस्त्र जिहादी संगठनों की गतिविधियों से जूझता रहा।

हालांकि, वर्षों की अस्थिरता के बाद इराक अब धीरे-धीरे स्थिरता की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। मौजूदा सरकार देश की अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने और विदेशी निवेश को आकर्षित करने के प्रयासों में जुटी है। इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को बहाल करना एक अहम कदम माना जा रहा है।

इराकी परिवहन मंत्रालय के अनुसार, बगदाद–एथेंस–बगदाद मार्ग पर सप्ताह में दो उड़ानें संचालित की जाएंगी। मंत्रालय ने यह भी संकेत दिया है कि यात्रियों की मांग बढ़ने पर भविष्य में उड़ानों की संख्या में इजाफा किया जा सकता है।

गौरतलब है कि इसी साल की शुरुआत में एजियन एयरलाइंस ने उत्तरी इराक के स्वायत्त कुर्दिस्तान क्षेत्र की राजधानी एरबिल के लिए भी उड़ानें शुरू की थीं। यह इलाका लंबे समय से इराक के अन्य हिस्सों की तुलना में अपेक्षाकृत अधिक स्थिर माना जाता है।

(स्रोत: एएफपी)