विल यंग का शतक, न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 334 रन का लक्ष्य रखा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
Will Young scores a century as New Zealand sets a target of 334 for India
Will Young scores a century as New Zealand sets a target of 334 for India

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 सलामी बल्लेबाज विल यंग ने भारत की कमजोर गेंदबाजी और लचर फील्डिंग का फायदा उठाते हुए 108 गेंद पर 125 रन की पारी खेली, लेकिन भारतीय टीम ने शुक्रवार को यहां चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को 333 रन पर आउट करके अच्छी वापसी की।
 
भारत पांच मैच की श्रृंखला के पहले दो मैच जीतकर 2-0 से आगे है। श्रृंखला का तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था।
 
बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर यंग और उनके सलामी जोड़ीदार टिम सीफर्ट (48 गेंद पर 58 रन) ने 12 ओवरों में 85 रन जोड़कर पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए गए न्यूजीलैंड को शानदार शुरुआत दी।
 
इस साझेदारी में सीफर्ट ने अहम भूमिका निभाई और 41 गेंदों में अपना पहला वनडे अर्धशतक पूरा किया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को निशाने पर रखा तथा उन पर एक छक्का और दो चौके लगाए। इसके बाद उन्होंने औकिब नबी पर लगातार दो चौके जड़े।
 
दूसरी तरफ यंग ने धीमी शुरुआत की और उन्हें लगातार दो गेंदों पर जीवनदान मिला। जब वह पांच रन पर थे तब नबी की गेंद पर पहले पहली स्लिप में रोहित शर्मा ने उनका कैच छोड़ दिया जबकि अगली गेंद पर विकेटकीपर ईशान किशन कैच लेने में नाकाम रहे। यंग ने इसका पूरा फायदा उठाया।
 
बराड़ ने सीफर्ट को किशन के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई जिन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। इसके बाद यंग ने आक्रामक रवैया अपनाया।