मैनचेस्टर [UK]
स्काई स्पोर्ट्स के अनुसार, मैनचेस्टर यूनाइटेड के कप्तान ब्रूनो फर्नांडीस ने क्लब की ओर से मिले दूसरे कॉन्ट्रैक्ट ऑफर को ठुकरा दिया है। उनका मौजूदा करार इस सीजन के अंत में खत्म होने वाला है। क्लब ने गर्मियों में नया कॉन्ट्रैक्ट करने के लिए पहला प्रस्ताव दिया था, लेकिन पुर्तगाली मिडफील्डर ने इसे अस्वीकार कर दिया। हालांकि, यूनाइटेड के पास 32 वर्षीय खिलाड़ी के ओल्ड ट्रैफर्ड में रहने की अवधि को एक और साल के लिए बढ़ाने का विकल्प है। इससे वह जनवरी में किसी विदेशी क्लब से 'फ्री ट्रांसफर' के बारे में बातचीत नहीं कर पाएंगे।
पिछले सीजन में सऊदी अरब के क्लब 'अल हिलाल' ने फर्नांडीस को अपनी टीम में शामिल करने में दिलचस्पी दिखाई थी। फर्नांडीस और मैनचेस्टर यूनाइटेड के बीच बातचीत जारी रहने की उम्मीद है, क्योंकि क्लब ने साफ कर दिया है कि वे चाहते हैं कि उनके कप्तान ओल्ड ट्रैफर्ड में ही बने रहें। पिछले सीजन में 21 असिस्ट (गोल करने में मदद) देकर प्रीमियर लीग का रिकॉर्ड तोड़ने वाले फर्नांडीस को अगस्त में 'PFA प्लेयर ऑफ द ईयर' चुना गया था।
इससे पहले, 2026-27 सीजन की निराशाजनक शुरुआत के बाद मैनचेस्टर यूनाइटेड ने हेड कोच माइकल कैरिक से रास्ते अलग कर लिए हैं। उन्हें दो साल का कॉन्ट्रैक्ट दिए जाने के छह महीने से भी कम समय में, ओल्ड ट्रैफर्ड में उनका दूसरा कार्यकाल खत्म हो गया है। क्लब ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान में कैरिक के जाने की पुष्टि की। खराब प्रदर्शन के कारण यूनाइटेड प्रीमियर लीग में 'रेलिगेशन ज़ोन' (लीग से बाहर होने के खतरे वाले क्षेत्र) में पहुंच गया है, जिसके चलते क्लब ने बदलाव की जरूरत महसूस की। क्लब ने कहा, "मैनचेस्टर यूनाइटेड पुष्टि करता है कि माइकल कैरिक ने मेन्स फर्स्ट-टीम के हेड कोच का पद छोड़ दिया है।"
क्लब ने आगे कहा, "सीजन की निराशाजनक शुरुआत के बाद, क्लब इस कठिन नतीजे पर पहुंचा है कि अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए बदलाव जरूरी है।" यूनाइटेड ने कैरिक के पिछले कार्यकाल के दौरान उनके योगदान को भी याद किया और उनके नेतृत्व, समर्पण और पेशेवर रवैये की तारीफ की। बयान में कहा गया, "माइकल हमेशा मैनचेस्टर यूनाइटेड के एक लेजेंड रहेंगे। एक खिलाड़ी के रूप में उन्होंने जिस तरह का समर्पण और पेशेवर रवैया दिखाया था, वैसा ही उन्होंने क्लब में अपनी वापसी के दौरान भी बनाए रखा। पिछले सीजन में उनके नेतृत्व और उपलब्धियों को हमेशा याद रखा जाएगा।" इस बीच, गुरुवार को माइकल कैरिक को हटाए जाने के बाद, शुक्रवार को मॉरिसियो पोचेटिनो को मैनचेस्टर यूनाइटेड का नया हेड कोच घोषित किए जाने की उम्मीद है। फर्नांडीस ने 2019 में बताया था कि उस गर्मी में वे लगभग पोचेटिनो के साथ जुड़ने ही वाले थे, जब यह अर्जेंटीनाई कोच टोटेनहम हॉटस्पर को संभाल रहे थे। हालाँकि, स्पोर्टिंग ने इस कदम को रोक दिया था।