डकार यूथ ओलंपिक में गुंजन ने जीता ऐतिहासिक स्वर्ण, भारतीय मुक्केबाजों ने रचा गोल्डन डबल

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
Gunjan wins historic gold at Dakar Youth Olympics; Indian boxers script a 'golden double'
Gunjan wins historic gold at Dakar Youth Olympics; Indian boxers script a 'golden double'

 

डकार (सेनेगल)

डकार-2026 यूथ ओलंपिक में भारतीय मुक्केबाजों ने इतिहास रच दिया है। गुंजन ने गुरुवार को महिलाओं के 48 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में अल्जीरिया की बेनसालाह बुथैना को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। इसके साथ ही वह यूथ ओलंपिक में मुक्केबाजी का स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं।

गुंजन की इस शानदार जीत के साथ भारतीय मुक्केबाजी टीम ने प्रतियोगिता में ऐतिहासिक गोल्डन डबल पूरा कर लिया। भारत की ओर से हिस्सा लेने वाले दोनों मुक्केबाजों ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए।

इससे पहले दिन में लैरेनलाकपम अंबेकर मीतेई ने पुरुषों के 50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में आयरलैंड के जुबानी क्रिस्टियन को 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। वह यूथ ओलंपिक में मुक्केबाजी का स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय मुक्केबाज बने।

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारत के दोनों मुक्केबाजों ने अपने-अपने फाइनल जीतकर प्रतियोगिता में शत-प्रतिशत सफलता हासिल की। इस तरह भारत के दोनों प्रतिभागी स्वर्ण पदक के साथ लौटेंगे।

गुंजन के स्वर्ण पदक के साथ डकार यूथ ओलंपिक में भारत के कुल पदकों की संख्या 10 हो गई है। इनमें दो स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं।यूथ ओलंपिक में भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2018 में अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में रहा था। उस प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 13 पदक जीते थे, जिनमें तीन स्वर्ण, नौ रजत और एक कांस्य पदक शामिल था।

डकार में भारतीय खिलाड़ियों ने अन्य खेलों में भी शानदार प्रदर्शन किया है। एथलेटिक्स में शौर्या अंबुरे ने महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में 13.59 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही वह यूथ ओलंपिक में एथलेटिक्स का पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।

कुश्ती में तान्या ने महिलाओं के 75 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर यूथ ओलंपिक में भारत को इस खेल का पहला पदक दिलाया। फाइनल में उन्हें चीन की मिन झाओ से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।

इसके अलावा खुशबू राजकभाई दरजादा ने महिलाओं के 63 किलोग्राम जूडो वर्ग में और तन्वी पत्री ने बैडमिंटन में रजत पदक हासिल किया।तैराकी में धिनिधि देसिंघु ने महिलाओं की 100 मीटर और 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक जीते। इसके साथ ही वह यूथ ओलंपिक के एक ही संस्करण में कई पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं।

तीर्थंक पेगू ने पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। वह यूथ ओलंपिक में तैराकी का पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष तैराक बने।वहीं, राजकुमारी लानचेनबी चानू ने महिलाओं की चांगछुआन संयुक्त वुशु स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक संख्या में एक और इजाफा किया।

मुक्केबाजी में मिले दोनों स्वर्ण पदकों ने डकार में भारत के अभियान को नई मजबूती दी है। भारतीय खिलाड़ियों की निगाहें अब यूथ ओलंपिक में अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन यानी 13 पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने पर टिकी हैं।