हमने पर्याप्त स्कोर का गलत अनुमान लगाया: विक्रम सोलंकी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-06-2026
We miscalculated the score enough: Vikram Solanki
We miscalculated the score enough: Vikram Solanki

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 गुजरात टाइटंस के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने स्वीकार किया कि उन्होंने नरेन्द्र मोदी स्टेडियम की पिच पर पर्याप्त स्कोर का ‘गलत अनुमान’ लगाया, जिसके कारण उसे आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथों पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर आठ विकेट पर 155 रन बनाए। आरसीबी ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल करके लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया।
 
सोलंकी ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमने उस पिच पर पर्याप्त स्कोर का अनुमान लगाने में थोड़ी सी गलती कर दी। मुझे नहीं लगता कि उस पिच पर 200 से अधिक रन बनाए जा सकते थे।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम लगभग 180 रन बना लेते तो मेरा मानना है कि उनके लिए उस लक्ष्य का पीछा करना चुनौतीपूर्ण होता। मुझे लगता है कि हम शायद 20-25 रन से पीछे रह गए, लेकिन खिलाड़ियों ने जिस तरह का जज्बा दिखाया, उससे मैच अंत तक रोमांचक बना रहा।’’
 
सोलंकी ने कहा, ‘‘हमारे पास भी आरसीबी के सामने चुनौती पेश करने के मौके आए लेकिन आज उनकी टीम बेहतर थी और मुझे लगता है कि बात बस इतनी सी है।’’
 
गुजरात टाइटंस के लिए पिछले कुछ दिन काफी व्यस्त रहे। उसने धर्मशाला में आरसीबी के खिलाफ पहला क्वालीफायर खेला। इस मैच में हार के बाद उसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दूसरा क्वालीफायर खेलने के लिए मुल्लांपुर आना पड़ा। इसके बाद खराब मौसम के कारण उनकी टीम शनिवार की शाम को ही यहां पहुंच पाई थी।
 
सोलंकी ने हालांकि इसके बावजूद स्वीकार किया कि आरसीबी जीत की हकदार थी।
 
उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक हमारे अभियान की बात है तो एक टीम के रूप में हमें अपनी उपलब्धियों पर बेहद गर्व है, इसमें कोई संदेह नहीं है कि हम एक कदम और आगे जाना चाहते थे।’’
 
सोलंकी ने कहा, ‘‘लेकिन सच्चाई यह है कि आरसीबी ने हमें हराया है और हम उन्हें बधाई देते हैं लेकिन हमें अपने अभियान पर गर्व होना चाहिए।’’