आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच शुक्री कॉनराड ने टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मिली नौ विकेट से हार को ‘चोकर’ (दबाव में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाना) नहीं बल्कि चारों खाने चित होने जैसा बताया।
दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किये जाने के बाद आठ विकेट पर 169 रन ही बना पाई। न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में नौ विकेट से आसानी से जीत हासिल कर ली। उसकी इस जीत में सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने 33 गेंद में नाबाद 100 रन बनाकर टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक बनाया जबकि टिम सीफर्ट ने 33 गेंद पर 58 रन का योगदान दिया।
दक्षिण अफ्रीका इससे पहले भी आईसीसी की प्रतियोगिताओं में नॉकआउट के दबाव वाले मैचों में लड़खड़ाता रहा है जिसके कारण उसे ‘चोकर’ कहा जाने लगा था। उसने वर्तमान टूर्नामेंट में अजेय रहकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इस दौरान उसने न्यूजीलैंड और भारत को भी हराया था।
कॉनराड ने पहले सेमीफाइनल के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि आज रात का मुकाबला चोकर जैसा था या नहीं। मुझे तो लगा कि यह चारों खाने चित होने जैसा था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपने थोड़ी बहुत तो चुनौती पेश की होती लेकिन आज के मैच में ऐसी कोई झलक नहीं दिखाई दी। दक्षिण अफ्रीका में हम इसके लिए एक शब्द ‘मोएर्ड’ (बुरी तरह से हारना) का उपयोग करते हैं।’’