आईसीसी के हस्तक्षेप के बाद जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों का पहला जत्था भारत से रवाना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-03-2026
First batch of Zimbabwe players leave India after ICC intervention
First batch of Zimbabwe players leave India after ICC intervention

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 खाड़ी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद भी भारत में फंसी जिम्बाब्वे की क्रिकेट टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार स्वदेश रवाना हो गई।
 
जिम्बाब्वे के लिए यह टी20 विश्व कप यादगार रहा। उसने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर सुपर आठ में जगह बनाई, लेकिन उससे आगे नहीं बढ़ पाया। जिम्बाब्वे की टीम को दो मार्च को स्वदेश रवाना होना था लेकिन एक मार्च को नयी दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका से पांच विकेट से हारने के बाद उसकी टीम यहीं फंस गई थी।
 
लेकिन आईसीसी ने हस्तक्षेप करते हुए टीम के लिए वैकल्पिक यात्रा योजनाओं की व्यवस्था की जिससे जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों का पहला जत्था आखिरकार बुधवार को स्वदेश रवाना हो गया।
 
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा, ‘‘जिम्बाब्वे क्रिकेट इस बात की पुष्टि करता है कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में भाग लेने वाली जिम्बाब्वे की सीनियर पुरुष टीम पारगमन संबंधी बाधाओं के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के बाद भारत से स्वदेश लौट रही है।’’