Steps taken in the field of sports are creating new opportunities for players: Thakur
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि ‘खेलो इंडिया’ जैसी पहल, खेल से जुड़े बुनियादी ढांचे के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक मौके मिलने से देश में खेल पारिस्थितिकी तंत्र बदल गया है और युवा खिलाड़ियों के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं।
हमीरपुर के सांसद मंगलवार शाम को ‘अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक सप्ताह’ के मौके पर आयोजित एक जागरूकता दौड़ में बोल रहे थे।
ठाकुर ने कहा, ‘‘एक स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज और मजबूत देश की नींव है। अगर हम चाहते हैं कि अगली पीढ़ी नशे से दूर रहे और अनुशासित, आत्मविश्वासी और ऊर्जावान बने तो खेल और नियमित शारीरिक गतिविधि को रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बनाना होगा।’’
ठाकुर ने कहा कि यह जागरूकता दौड़ स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक सद्भाव, एकता और ‘फिट इंडिया’ अभियान को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की गई।
उन्होंने यह भी बताया कि हमीरपुर में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ बनाने की मंजूरी मिल गई है जिससे उभरते खिलाड़ियों को बेहतर ट्रेनिंग की सुविधाएं और अच्छे मौके मिलेंगे।