आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
चेक गणराज्य की निकोला बार्टुनकोवा ने विश्व में दूसरे नंबर की खिलाड़ी आर्यना सबालेंका को चीन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में सीधे सेटों में हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।
पुरुष वर्ग में नोवाक जोकोविच ने क्वार्टरफाइनल में अमेरिकी ओपन चैंपियन एलेक्जेंडर ज़्वेरेव पर 4-6, 6-4, 6-4 से जीत हासिल करके टूर्नामेंट में अपना शानदार रिकॉर्ड बरकरार रखा।
विश्व में 34वीं रैंकिंग की खिलाड़ी बार्टुनकोवा ने चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सबालेंका को डेढ़ घंटे से कुछ अधिक समय में 6-4, 6-3 से हराया। इस तरह से महिला वर्ग में टूर्नामेंट के पहले सप्ताह में ही दो शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बाहर हो गई।
इससे पहले विश्व की नंबर एक खिलाड़ी और अमेरिकी ओपन चैंपियन एलेना रायबाकिना टूर्नामेंट से बाहर हो गईं थी।
बार्टुनकोवा का अगला मुकाबला ऑस्ट्रिया की 24 वर्षीय सिंजा क्राउस से होगा, जिन्होंने दयाना यास्त्रेम्स्का को 6-1, 6-4 से हराया था। पांचवीं रैंकिंग की खिलाड़ी मीरा एंड्रीवा ने पोलिना कुडरमेतोवा पर 6-4, 6-1 से जीत हासिल करके आसानी से चौथे दौर में प्रवेश किया।
इस बीच जोकोविच ने बीजिंग में अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा है। जोकोविच सातवीं बार यह टूर्नामेंट जीतने की कोशिश में लगे हुए हैं और बीजिंग में उनका रिकॉर्ड अब 32-0 हो गया है। इस तरह से उन्होंने ओपन युग में टूर-स्तरीय टूर्नामेंट में शुरुआत से लेकर लगातार मैच जीतने के मामले में राफेल नडाल के फ्रेंच ओपन में 31-0 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।