रोनाल्डो के बिना भी जीता पुर्तगाल, यूनान ने जर्मनी को ड्रॉ पर रोका

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-10-2026
Portugal won without Ronaldo, Greece held Germany to a draw
Portugal won without Ronaldo, Greece held Germany to a draw

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 पुर्तगाल ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बिना भी गोंकालो रामोस के शानदार प्रदर्शन से जीत हासिल करके नेशंस लीग फुटबाल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की जबकि यूनान ने जर्मनी को बराबरी पर रोका।
 
रामोस के शानदार गोल की बदौलत पुर्तगाल ने रविवार को नॉर्वे को 2-1 से हराया जो ग्रुप ए4 में उसकी लगातार चौथी जीत है जिससे वह अंतिम आठ में पहुंच गया है।
 
रोनाल्डो इस टूर्नामेंट के पहले मैच में खेले थे जहां वेल्स के खिलाफ 1-0 की जीत में उनकी जगह रामोस को मैदान में उतारा गया था। उसके बाद से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है।
 
इस ग्रुप के एक अन्य मैच में डेनमार्क ने वेल्स को 1-0 से हराया। डेनमार्क दो जीत के बाद ग्रुप ए4 में दूसरे स्थान पर है, जबकि वेल्स और नॉर्वे ने एक-एक जीत हासिल की है।
 
पिछले सप्ताह जर्मनी पर अपनी पहली जीत दर्ज करने वाले यूनान ने लगभग एक बार फिर वही कारनामा दोहरा ही दिया था। उसने इस बार जर्मनी को गोलरहित बराबरी पर रोका।
 
ग्रुप ए2 के दूसरे मैच में जोशुआ ज़िरक्ज़ी ने नीदरलैंड को घरेलू मैदान पर सर्बिया के खिलाफ 2-1 से जीत दिलाई। इस ग्रुप में नीदरलैंड और यूनान दोनों के आठ आठ अंक हैं जबकि जर्मनी पांच अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।