पावरप्ले में 80 रन ने आसान बनाई जीत, बोले कप्तान ईशान किशन

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 03-04-2026
80 Runs in the Powerplay Made the Victory Easy, Says Captain Ishan Kishan
80 Runs in the Powerplay Made the Victory Easy, Says Captain Ishan Kishan

 

कोलकाता: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स पर शानदार जीत दर्ज की। मैच के बाद टीम के कप्तान ईशान किशन ने ओपनर्स ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पावरप्ले में बने 80 रन ने मुकाबले को काफी हद तक आसान बना दिया।

ईशान किशन ने कहा कि टीम की जीत किसी एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि मैच से पहले खिलाड़ियों से ऊर्जा और प्रतिबद्धता की उम्मीद की गई थी और सभी ने मैदान पर उसे साबित किया। खास तौर पर ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की आक्रामक शुरुआत ने टीम को मजबूत आधार दिया।

दोनों ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी की, जिससे बाकी बल्लेबाजों को स्थिति समझने और संयम से खेलने का मौका मिला। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने अर्धशतक जड़ते हुए टीम को 226 रनों के बड़े स्कोर तक पहुंचाया। नितीश कुमार रेड्डी की पारी भी टीम के लिए अहम रही।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम ने शुरुआत तेज की। फिन एलेन ने पहले ही ओवर में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए रन बटोरे। हालांकि, हैदराबाद के गेंदबाजों ने जल्द ही वापसी करते हुए विकेट झटके और मैच का रुख बदल दिया।

किशन ने युवा गेंदबाज हर्ष दुबे और शिवांग के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हर्ष ने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और दबाव में भी शांत रहते हैं। वहीं शिवांग ने कठिन परिस्थितियों में शानदार गेंदबाजी करते हुए टीम के लिए अहम योगदान दिया।

हालांकि, कप्तान ने टीम की फील्डिंग को लेकर चिंता भी जताई। उन्होंने कहा कि हर मैच में अतिरिक्त 15-20 रन देना टीम के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इस पर काम करने की जरूरत है ताकि आने वाले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।

मैच में कोलकाता की ओर से अंगकृष रघुवंशी ने अर्धशतक लगाया, लेकिन टीम 161 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछले मैच की हार से उबरते हुए दमदार वापसी की है और अपने इरादे साफ कर दिए हैं।