राजस्थान रॉयल्स ने द्रविड़ की जगह संगकारा को फिर से मुख्य कोच नियुक्त किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-11-2025
Rajasthan Royals reappoint Sangakkara as head coach in place of Dravid
Rajasthan Royals reappoint Sangakkara as head coach in place of Dravid

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के मुख्य कोच पद से हटने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने सोमवार को श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा को 2026 में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए अपना मुख्य कोच नियुक्त किया।
 
द्रविड़ ने इस साल अगस्त में फ्रेंचाइजी छोड़ दी थी। संगकारा 2021 से इस फ्रेंचाइजी के क्रिकेट निदेशक रहे हैं। वह 2021 से 2024 तक मुख्य कोच की भूमिका भी निभा रहे थे।
 
राजस्थान रॉयल्स ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा आईपीएल 2026 के लिए मुख्य कोच के रूप में भी कार्यभार संभालेंगे।‘‘
 
राजस्थान रॉयल्स के मालिक मनोज बडाले ने एक बयान में कहा, ‘‘कुमार (संगकारा) की मुख्य कोच के रूप में वापसी से हम बहुत खुश हैं। इस समय टीम की ज़रूरतों को देखते हुए हमें लगा कि टीम के साथ उनकी सहजता, उनका नेतृत्व और रॉयल्स संस्कृति की उनकी गहरी समझ टीम के प्रदर्शन में निरंतरता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हमें उनके कौशल पर पूरा भरोसा है।’’