आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाड़ी रोवमैन पॉवेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच के दौरान अंपायरों की ‘गलती’ की आलोचना की और अपनी टीम की करीबी हार के लिए ईडन गार्डन्स की धीमी पिच को जिम्मेदार ठहराया।
एलएसजी का स्कोर 16 ओवर के बाद सात विकेट पर 127 रन था लेकिन उसने युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी की नाबाद 54 रन की पारी की मदद से तीन विकेट से जीत हासिल की।
पॉवेल ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘आप ईडन गार्डन्स को अपना गढ़ बनाना चाहते हैं। यह आपका घरेलू मैदान है और दर्शकों का समर्थन आपको मिलता है। घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा उठाना अच्छा लगता है लेकिन इस युवा खिलाड़ी (मुकुल) को श्रेय जाता है। उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।’’
केकेआर को चार मैच में एक भी जीत नहीं मिली है। इनमें से तीन मैच उसने अपने घरेलू मैदान पर खेले हैं। एलएसजी के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत के बावजूद वह चार विकेट पर 181 रन ही बना पाया। इस मैच में उसके सलामी बल्लेबाज फिन एलन (09) विवादास्पद तरीके से आउट हो गए।