सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपनी लय जारी रखने उतरेगा पंजाब किंग्स

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-04-2026
Punjab Kings will look to continue their momentum against Sunrisers Hyderabad
Punjab Kings will look to continue their momentum against Sunrisers Hyderabad

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
पिछले साल के अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखने वाली पंजाब किंग्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अब तक संघर्ष कर रही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाले मैच में अपनी लय बरकरार रखने की कोशिश करेगी।
 
पिछले साल की उपविजेता पंजाब किंग्स की टीम ने जिस तरह से अभी तक प्रदर्शन किया है उसे देखते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ बारिश के कारण रद्द कर दिए गए उसके पिछले मैच में अंक बांटने से वह खुश नहीं होगी।
 
श्रेयस अय्यर की अगुवाई में पंजाब किंग्स में यह दिखा दिया है कि एक विजेता टीम पर दृष्टिकोण कैसा होना चाहिए। फिर चाहे वह चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 200 रन से अधिक के लक्ष्य का आसानी से पीछा करना हो या मुल्लांपुर की मुश्किल पिच पर पूर्व चैंपियन गुजरात टाइटन्स को हराना।
 
केकेआर के खिलाफ ईडन गार्डन्स में भी पंजाब किंग्स ने अच्छी शुरुआत की थी। उसके ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने शुरू में ही दो विकेट ले लिए थे लेकिन भारी बारिश और आंधी के कारण उसे अंक बांटने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
 
पिछले सत्र में 500 से अधिक रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह ने टीम के दृष्टिकोण को स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब किंग्स के खिलाड़ी ऑरेंज कैप (टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज) या पर्पल कैप (टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाला गेंदबाज) हासिल करने की होड़ के बजाय सामूहिक सफलता पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
 
उसकी यह मानसिकता कूपर कोनोली की गुजरात टाइटन्स के खिलाफ नाबाद 72 रनों की पारी और विजयकुमार वैशाक के गेंदबाज़ी में बढ़ते प्रभाव में स्पष्ट नजर आता है।
 
जहां तक सनराइजर्स हैदराबाद की बात है तो उसके लिए ऐसा नहीं कहा जा सकता है। सनराइजर्स के शीर्ष क्रम में धाकड़ बल्लेबाज हैं लेकिन उनके नहीं चल पाने के कारण टीम लड़खड़ा रही है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ ऐसा देखा गया जब ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की खतरनाक सलामी जोड़ी सस्ते में आउट हो गई थी।
 
हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट जैसे गेंदबाजों की नाकामी के कारण सनराइजर्स हैदराबाद की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उसके खिलाड़ी नीतीश कुमार रेड्डी और हेनरिक क्लासेन के एलएसजी के खिलाफ मैच में अच्छे प्रदर्शन से प्रेरणा लेने की कोशिश करेंगे।
 
स्पिनर हर्ष दुबे ने पावरप्ले में शानदार प्रदर्शन की झलक दिखाई है और उनसे उम्मीद की जाएगी कि वे अपनी फॉर्म को बरकरार रखें।