आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 सत्र से पहले वेस्टइंडीज के पूर्व हरफनमौला कीरोन पोलार्ड को टीम का मुख्य कोच बनाया है जो महेला जयवर्धने की जगह लेंगे ।
पोलार्ड पिछले कुछ सत्र से टीम के बल्लेबाजी कोच थे । वह आईपीएल 2027 से टीम के मुख्य कोच का पद संभालेंगे । मुंबई आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से है लेकिन आखिरी बार 2020 में खिताब जीता था ।
मुंबई इंडियंस ने एक बयान में कहा ,‘‘ मुंबई इंडियंस को यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि कीरोन पोलार्ड टीम के मुख्य कोच होंगे । यह टीम की विरासत बनाने के प्रति मुंबई इंडियंस की प्रतिबद्धता का परिचायक है । हम मैदान पर और उसके बाहर प्रतिभाओं के विकास और अपनी टीम संस्कृति मजबूत करने के लिये काम करते रहेंगे ।’’
इसमें आगे कहा गया ,‘‘ उनका नेतृत्व मुंबई इंडियंस के सबसे सफल वर्षों का हिस्सा रहने के अनुभव पर आधारित होगा और साथ ही इसमें टीम के अगले अध्याय को आकार देने की महत्वाकांक्षा भी शामिल होगी।’’
पोलार्ड ने टीम द्वारा जारी बयान में कहा ,‘‘ मुंबई इंडियंस मेरे जीवन और कैरियर का बड़ा हिस्सा रही है । टीम, खिलाड़ियों और पल्टन के साथ मेरा लगाव मेरे लिये काफी मायने रखता है ।’’