खेलो इंडिया युवा खेल 2025 : धावक कादिर खान ने बनाए नए रिकॉर्ड, महाराष्ट्र शीर्ष पर

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 14-05-2025
Khelo India Youth Games 2025: Runner Kadir Khan sets new records, Maharashtra on top
Khelo India Youth Games 2025: Runner Kadir Khan sets new records, Maharashtra on top

 

पटना

खेलो इंडिया युवा खेलों (केआईवाईजी) 2025 में मंगलवार का दिन रिकॉर्डों और शानदार प्रदर्शन का रहा. पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित प्रतियोगिताओं में महाराष्ट्र के धावक आदित्य पिसल और उत्तर प्रदेश के कादिर खान ने अपनी तेज रफ्तार से नया इतिहास रच दिया. महाराष्ट्र ने भी पदक तालिका में अपना दबदबा कायम रखा.

100 मीटर दौड़ में आदित्य पिसल ने 10.62 सेकंड का समय निकालकर पिछला मीट रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो 2022 में पंचकूला में सदानंद कुमार ने 10.63 सेकंड में बनाया था. उन्होंने बिहार के प्रिंस कुमार (10.64 सेकंड) और अपने ही राज्य के रुद्र सचिन शिनी (10.78 सेकंड) को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता.

पिसल ने बाद में चार गुणा 100 मीटर रिले में भी कमाल दिखाया. अर्जुन देशपांडे, सैफ चापेकर (110 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण विजेता) और रुद्र शिंदे के साथ मिलकर उन्होंने 41.55 सेकंड के मीट रिकॉर्ड के साथ यह स्पर्धा भी महाराष्ट्र को दिलाई.

उत्तर प्रदेश के कादिर खान, जो पहली बार खेलो इंडिया युवा खेलों में भाग ले रहे हैं, ने सोमवार को बनाए गए 400 मीटर के 47.67 सेकंड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए मंगलवार को 47.34 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक जीता.

बिहार के पीयूष राज (47.43 सेकंड) और कर्नाटक के सईद सबीर (47.50 सेकंड) को रजत और कांस्य से संतोष करना पड़ा.1500 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश के बबलू कुमार ने 3:56.36 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता.

भारोत्तोलन में उत्तर प्रदेश के तुषार चौधरी ने 126 किग्रा स्नैच और 163 किग्रा क्लीन एंड जर्क कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा. उन्होंने 2023 में गोल्डी खान द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए कुल भार में 10 किग्रा का सुधार किया.

हॉकी में ओडिशा और हरियाणा की जीत

लड़कियों की हॉकी में ओडिशा ने झारखंड को शूटआउट में 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता. मध्य प्रदेश को कांस्य पदक मिला.

लड़कों की हॉकी में हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 1-0 से हराकर फाइनल जीता, जबकि पंजाब को कांस्य मिला.

राजस्थान का साइकलिंग में दबदबा

राजस्थान के साइकिलिस्टों ने 30 किमी लड़कों और 20 किमी लड़कियों के टाइम ट्रायल में छह में से पांच पदक अपने नाम किए. बीकानेर के रामावतार छिम्पा ने लड़कों और किसान की बेटी मंजू चौधरी ने लड़कियों की श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता.